तनाव का अर्थ व परिभाषा | Definition of Tension

तनाव, व्यक्ति की शारीरिक और मनोवैज्ञानिक दशा है। यह उसमें उत्तेजना और असंतुलन उत्पन्न कर देता है एवं उसे परिस्थिति का सामना करने के लिए क्रियाशील बनात
Definition-of-Tension
Definition of Tension

तनाव का अर्थ व परिभाषा

तनाव क्या है ?
तनाव, व्यक्ति की शारीरिक और मनोवैज्ञानिक दशा है. यह उसमें उत्तेजना और असंतुलन उत्पन्न कर देता है एवं उसे परिस्थिति का सामना करने के लिए क्रियाशील बनाता है। उदाहरणार्थ, जब व्यक्ति को भूख लगती है, तब उसमें तनाव उत्पन्न हो जाता है। उसकी भूख जितनी अधिक होती है, उतना ही अधिक उसमें तनाव होता है। यह तनाव उसे भोजन की खोज करने के लिए क्रियाशील बनाता है। 

जब उसे भोजन मिल जाता है और वह अपनी भूख को शान्त कर लेता है, तब उसकी असंतुलित दशा में संतुलन आ जाता है और उसमें उत्पन्न होने वाला तनाव समाप्त हो जाता है। भोजन की आवश्यकता के अतिरिक्त, तनाव के और भी अनेक कारण हो सकते हैं; जैसे- इच्छा, लक्ष्य, अपमान, शारीरिक दोष आदि .

तनाव के अर्थ को और अधिक स्पष्ट रूप से समझने के लिए कुछ परिभाषा देखे -

गेट्स व अन्य - तनाव असंतुलन की दशा है, जो प्राणी को अपनी उत्तेजित दशा का अन्त करने के लिए कोई कार्य करने के लिए प्रेरित करती है.

ड्रेवर - तनाव का अर्थ है - संतुलन के नष्ट होने की सामान्य भावना और परिस्थिति के किसी अत्यधिक संकटपूर्ण कारक का सामना करने के लिए व्यवहार में परिवर्तन करने की तत्परता.

तनाव कम करने की विधियाँ 

तनाव को कम करने के लिए दो प्रकार की विधियों का प्रयोग किया जा सकता है - प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष। 
इन विधियों के विषय में गेट्स तथा अन्य ने लिखा है - "तनाव कम करने की ये विधियाँ, व्यक्ति को अपने वातावरण से बहुत समय तक समायोजन करने या न करने के लिए उपयुक्त हो सकती हैं। पर इनका उद्देश्य उसके कष्ट की भावना को सदैव कम करना है।"

तनाव कम करने की प्रत्यक्ष विधियाँ 

प्रत्यक्ष विधियों के सम्बन्ध में गेट्स व अन्य ने लिखा है - प्रत्यक्ष विधियों का प्रयोग विशेष रूप से समायोजन की किसी विशेष समस्या के स्थायी समाधान के लिए किया जाता है.
गेट्स तथा अन्य के अनुसार, तनाव कम करने की मुख्य प्रत्यक्ष विधियाँ निम्नलिखित हैं-

बाधा का विनाश या निवारण 

इस विधि में व्यक्ति उस बाधा का विनाश या निवारण करता है, जो उसे अपने उद्देश्य को प्राप्त नहीं करने देती है। उदाहरणार्थ, हकलाने वाला मनुष्य, मुँह में पान रखकर बोलने का अभ्यास करके अपने शारीरिक दोष पर विजय प्राप्त करता है। राजनीति के क्षेत्र में बाधा का विनाश या निवारण करने के अनेक उदाहरण मिलते हैं। इण्डोनेशिया में डॉ. सुकर्ण को राजनीतिक सत्ता से वचित करके सुहा ने राष्ट्रपति का पद प्राप्त किया। ऐसा ही पाकिस्तान में याहिया खाँ ने किया। 

अन्य उपाय की खोज 

जब व्यक्ति बाधा का विनाश या निवारण नहीं कर पाता है, तब वह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए किसी अन्य उपाय की खोज करता है। उदाहरणार्थ, यदि बालक पेड़ में लगा हुआ अमरूद, हाथ से नहीं तोड़ पाता है, तो वह उसे डंडे से तोड़ लेता है।

अन्य लक्ष्यों का प्रतिस्थापन 

जब व्यक्ति अपने मौलिक लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल नहीं होता है तब वह उसके बजाय किसी अन्य लक्ष्य का निर्माण करता है, उदाहरणार्थ, यदि खिलाड़ी, वर्षा के कारण हॉकी खेलने के लिए नहीं जा पाता है तो वह ताश या शतरंज खेलकर अपना मनोरंजन करता है।

व्याख्या व निर्णय 

जब व्यक्ति के समक्ष दो समान रूप से वांछनीय पर विरोधी लक्ष्य या इच्छाएँ होती हैं, तब वह अपने पूर्व अनुभवों के आधार पर उन पर विचार करता है और अन्त में उनमें से एक का चुनाव करने का निर्णय करता है। उदाहरणार्थ, जब एडवर्थ अष्टम् के समक्ष प्रश्न उपस्थित हुआ कि वह इंगलैण्ड का राजा रहे या मिसेज सिम्पसन से विवाह करे, तब उसने राजपद का त्याग और मिसेज सिम्पसन से विवाह करने का निश्चय किया।

तनाव कम करने की अप्रत्यक्ष विधियाँ 

अप्रत्यक्ष विधियों के सम्बन्ध में गेट्स व अन्य ने लिखा है - अप्रत्यक्ष विधियों का प्रयोग केवल दुःखपूर्ण तनाव को कम करने के लिए किया जाता है।
गेट्स तथा अन्य के अनुसार, तनाव कम करने की मुख्य अप्रत्यक्ष विधियाँ निम्नलिखित हैं।

शोधन

जब व्यक्ति की काम-प्रवृत्ति तृप्त न होने के कारण उसमें तनाव उत्पन्न करती है, तब वह कला, धर्म, साहित्य, पशु-पालन, समाज सेवा आदि में रुचि लेकर अपने तनाव को कम करता है। 

पृथक्करण

इस विधि में व्यक्ति अपने को तनाव उत्पन्न करने वाली स्थिति से पृथक कर लेता है। उदाहरणार्थ, यदि उसके मित्र उसका मजाक उड़ाते हैं, तो वह उनसे मिलना-जुलना बन्द कर देता है।

प्रत्यावर्तन 

इस विधि में व्यक्ति अपने तनाव को कम करने के लिए वैसा ही व्यवहार करता है, जैसा वह पहले कभी करता था। उदाहरणार्थ, जब दो वर्षीय बालक को अपने छोटे भाई के जन्म के कारण अपने माता-पिता का पूर्ण प्रेम मिलना बन्द हो जाता है, तब वह छोटे बच्चे के समान घुटनों के बल चलने लगता है और केवल माँ द्वारा भोजन खिलाये जाने का हठ करता है।

दिवास्वप्न 

इस विधि में व्यक्ति कल्पना-जगत् में विचरण करके अपने तनाव को कम करता है। उदाहरणार्थ, निराश प्रेमी अपने काल्पनिक संसार में किसी सुन्दरी को अपनी पत्नी या प्रेयसी बनाकर उसके साथ समागम करता है। 

आत्मीकरण

इस विधि में व्यक्ति किसी महान् पुरुष, अभिनेता, राजनीतिज्ञ आदि के साथ एक हो जाने का अनुभव करता है। बालक अपने पिता से और बालिका अपनी माता से तादात्म्य स्थापित करके उनके कार्यों का अनुकरण करते हैं। ऐसा करके उन्हें आनन्द का अनुभव होता है, जिसके फलस्वरूप उनका तनाव कम हो जाता है। 

निर्भरता 

इस विधि में व्यक्ति किसी दूसरे पर निर्भर होकर अपने जीवन का उत्तरदायित्व उसे सौंप देता है। उदाहरणार्थ, सांसारिक कष्टों से परेशान होकर मनुष्य किसी महात्मा का शिष्य बन जाता है और उसी के आदेशों एवं उपदेशों के अनुसार अपना जीवन व्यतीत करने लगता है।

औचित्य स्थापन 

इस विधि में व्यक्ति किसी बात का वास्तविक कारण न बताकर ऐसा कारण बताता है, जिसे लोग अस्वीकार नहीं कर सकते हैं और इस प्रकार अपने कार्य के औचित्य को सिद्ध करता है। उदाहरणार्थ, देर से विद्यालय आने वाला बालक यह स्वीकार नहीं करता है कि वह स्वयं देर से आया है। इसके विपरीत, वह कहता है कि उसकी घड़ी सुस्त हो गई थी या उसे कहीं भेज दिया गया था।

दमन 

इस विधि में व्यक्ति तनाव को कम करने के लिए अपनी इच्छाओं का दमन करता है। उदाहरणार्थ, वह अपनी काम प्रवृत्ति को व्यक्त करके समाज के नैतिक नियमों के विरुद्ध आचरण नहीं कर सकता है। अतः वह इस प्रवृत्ति का पूर्ण रूप से दमन करने का प्रयास करता है।

प्रक्षेपण 

इस विधि में व्यक्ति अपने दोष का आरोपण दूसरे पर करता है। उदाहरणार्थ, यदि बढ़ई द्वारा बनाई गई किवाड़ टेढ़ी हो जाती है, तो वह कहता है कि लकड़ी गीली थी।

क्षति-पूर्ति 

इस विधि में व्यक्ति एक क्षेत्र की कमी को उसी क्षेत्र में या किसी दूसरे क्षेत्र में पूरा करता है। उदाहरणार्थ, पढ़ने-लिखने में कमजोर बालक दिन-रात परिश्रम करके अच्छा छात्र बन जाता है या पढ़ने-लिखने के बजाय खेलकूद की ओर ध्यान देकर उसमें यश प्राप्त करता है।

इस Blog का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रतियोगियों को अधिक से अधिक जानकारी एवं Notes उपलब्ध कराना है, यह जानकारी विभिन्न स्रोतों से एकत्रित किया गया है।